M.P News : कुबरेश्वरधाम रुद्राक्ष महोत्सव से पहले पुलिस सख्त, होटल संचालकों को दिए निर्देश

Rahul Goshwami
रुद्राक्ष महोत्सव से पहले पुलिस सख्त

सीहोर: आगामी नववर्ष और कुबेरेश्वरधाम में आयोजित होने वाले भव्य रुद्राक्ष महोत्सव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से होटल संचालकों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई।

होटल संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने कुबेरेश्वरधाम क्षेत्र के होटल मालिकों और संचालकों के साथ बैठक ली। बैठक में सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए और स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस सत्यापन अनिवार्य

नगर पुलिस अधीक्षक ने होटल संचालकों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके साथ ही रिसेप्शन पर कर्मचारियों की सूची चस्पा करने, सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने और उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।

यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड रखने के आदेश

बैठक में यह भी कहा गया कि होटल में ठहरने वाले सभी यात्रियों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को देने के निर्देश दिए गए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस अधिकारियों ने दो टूक कहा कि कुबेरेश्वरधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम वातावरण मिले, जिससे धार्मिक आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *