Wednesday, August 19, 2026
Home Chhattisgarh Korba Police Action: पुलिसकर्मियों ने प्रार्थी से करवाए फ्लाइट टिकट? TI समेत...

Korba Police Action: पुलिसकर्मियों ने प्रार्थी से करवाए फ्लाइट टिकट? TI समेत 8 निलंबित

Korba Police Action
Korba Police Action

Korba Police Action: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ठगी के आरोपी की तलाश में दिल्ली गई कटघोरा पुलिस की टीम पर बड़ी कार्रवाई हुई है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उच्च अधिकारियों की अनुमति और जानकारी के बिना विमान से दिल्ली की यात्रा की। इस मामले में बिलासपुर रेंज आईजी ने कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

Korba Police Action: बताया जा रहा है कि पुलिस टीम 55 करोड़ रुपए की कथित ठगी के मामले में आरोपी की तलाश के लिए दिल्ली गई थी। आरोप यह भी है कि यात्रा के लिए प्रार्थी गौरव मोदी से फ्लाइट टिकट करवाए गए थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।

TI समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, आरक्षक प्रदीप राठौर, आरक्षक सुशील यादव और आरक्षक प्रशांत सिंह शामिल हैं। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सड़क या ट्रेन की जगह विमान से पहुंची टीम

जानकारी के अनुसार, कटघोरा पुलिस को कृष्णा ऑटो राइडर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में एक आरोपी की तलाश थी। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम सड़क मार्ग या ट्रेन के बजाय विमान से दिल्ली पहुंची।

आरोप है कि दिल्ली जाने की जानकारी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई थी। इसी के चलते पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है।

जेडसीबी डीलरशिप विवाद से जुड़ा मामला

यह मामला कृष्णा ऑटो राइडर्स प्राइवेट लिमिटेड और JCB India के बीच डीलरशिप विवाद से भी जुड़ा बताया जा रहा है। कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया है कि डीलरशिप समाप्त होने से उसे बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। कंपनी के अनुसार, उसने डीलरशिप कारोबार में करीब 50 करोड़ रुपए का निवेश किया था।

इस विवाद को लेकर न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश पर कटघोरा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंचा था विवाद

डीलरशिप विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मामला दिल्ली हाईकोर्ट भी पहुंचा था। 12 मई 2026 के आदेश में हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की सहमति के बाद सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली को एकमात्र मध्यस्थ नियुक्त किया था।

Korba Police Action: विवाद में डीलरशिप के गैर-विस्तार और कथित विस्तार समझौते की वैधता जैसे मुद्दे शामिल हैं। हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि उसने दोनों पक्षों के दावों के गुण-दोष पर कोई राय व्यक्त नहीं की है। फिलहाल पुलिस टीम की दिल्ली यात्रा और विभागीय प्रक्रिया के उल्लंघन को लेकर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में चर्चा तेज है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here