Korba Accident: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में हाइवा और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक वाहन चालक की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना में अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
हाइवा और ट्रेलर की टक्कर, केबिन में फंसा चालक
पहला हादसा दर्री थाना क्षेत्र के दर्री मुख्य मार्ग पर हुआ। यहां हाइवा और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि एक वाहन का चालक केबिन में ही फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। मृत चालक की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार को कुचला
दूसरी घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में बलगी शराब दुकान के पास हुई। यहां बाइक से जा रहे युवक को अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिव प्रसाद (28), पिता रामस्वरूप, निवासी दीपका के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में काम करता था। शिव प्रसाद शादीशुदा था और उसका छह साल का बच्चा भी है।
हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हुआ चालक
जानकारी के मुताबिक, शिव प्रसाद बजाज पल्सर बाइक (CG 07 BQ 2167) से कहीं जा रहा था। इसी दौरान बलगी शराब दुकान के पास अज्ञात भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
Korba Accident: सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कोरबा में एक ही दिन हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दोनों घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, दूसरे हादसे में फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।