Korba Accident: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार और कथित तौर पर नशे में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।
यह घटना उरगा थाना क्षेत्र में भैसमा पावर जनरेट ऑफिस के सामने की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई और स्थिति विवाद तक पहुंच गई। सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
### नशे में वाहन चलाने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद लोगों ने चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नशे में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि नशे में वाहन चलाने से न सिर्फ मवेशियों बल्कि सड़क पर चलने वाले लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है।
### लगातार हो रहे हादसों से लोगों में नाराजगी
कोरबा जिले में सड़क हादसों में मवेशियों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर एक भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर विरोध जताया था।
Korba Accident: लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच स्थानीय लोग सड़क पर मवेशियों की सुरक्षा के साथ ही तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।





