भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आज से खेलों के सबसे बड़े आयोजन ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ की मेजबानी करने जा रही है। तात्या टोपे स्टेडियम में होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह के साथ प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा।
उद्घाटन में सांस्कृतिक धमाल
उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। मशहूर गायक कैलाश खेर अपने कैलासा बैंड के साथ लाइव परफॉर्मेंस देंगे, जिससे स्टेडियम में संगीत और जोश का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
Read More : M.P Crime : इंदौर में लव ट्रायंगल का खूनी अंजाम, प्रेमिका के भाई की हत्या, मां गंभीर घायल
28 खेलों में दिखेगा युवाओं का दम
खेलो एमपी यूथ गेम्स के तहत कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें हॉकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, खो-खो, तैराकी, टेबल टेनिस जैसे पारंपरिक और आधुनिक खेल शामिल हैं।
इसके अलावा क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, योगासन, रस्साकस्सी और पिटू जैसे खेल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
ब्लॉक से राज्य स्तर तक लंबी चयन प्रक्रिया
इस आयोजन के लिए खिलाड़ियों का चयन ब्लॉक स्तर (12–16 जनवरी) से शुरू हुआ। इसके बाद जिला स्तर (16–20 जनवरी) और संभाग स्तर (25 जनवरी तक) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अब चुने गए खिलाड़ी 28 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राज्य स्तरीय मुकाबलों में हिस्सा लेंगे।
4K वाटर प्रोजेक्शन बना आकर्षण
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को सीएम मोहन यादव ने खेलो एमपी यूथ गेम्स का औपचारिक शुभारंभ किया था। इस दौरान लोगो, मैस्कॉट, एंथम और जर्सी का अनावरण किया गया। खास बात यह रही कि देश में पहली बार किसी क्षेत्रीय खेल आयोजन में 4K वाटर प्रोजेक्शन का प्रयोग किया गया।
युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच
खेलो एमपी यूथ गेम्स का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है। यह आयोजन न सिर्फ प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि मध्य प्रदेश को खेलों के नक्शे पर नई पहचान भी दिलाएगा।













