कटनी: नए साल के पहले ही दिन कटनी जिले में दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। रीठी थाना क्षेत्र की सलैया चौकी अंतर्गत कटनी–दमोह मार्ग पर हीरापुर और बड़गांव के बीच एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में तीन पुरुषों समेत एक चार वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई।
मौके पर तीन की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चालक ने रीठी क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा किया और वहां से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

पन्ना जिले के रहने वाले थे सभी मृतक
मृतकों की पहचान पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। मृतकों में
-
अन्नू वंशकार (32 वर्ष), पिता कोमल वंशकार, निवासी बागडोर
-
भारती वंशकार (ढाई से चार वर्ष), पिता अन्नू वंशकार
-
विनोद वंशकार (30 वर्ष), पिता रमेश वंशकार, निवासी रैपुरा
-
प्रेमलाल वंशकार (32 वर्ष), पिता काशीराम वंशकार, निवासी बघवार
इलाके में शोक का माहौल
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।











