निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। पापा राव के आत्मसमर्पण के बाद अब नक्सलियों के सरेंडर का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज 5 इनामी और हथियारबंद नक्सली आत्मसमर्पण करने के लिए आगे आए हैं।
हथियारों के साथ करेंगे आत्मसमर्पण
जानकारी के अनुसार, ये सभी नक्सली उइकाटोला के जंगलों से निकलकर कांकेर एसपी कार्यालय पहुंच रहे हैं, जहां वे औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण करेंगे। उनके पास एक SLR और दो 303 रायफल जैसे घातक हथियार भी मौजूद हैं।
👥 इन नक्सलियों ने किया सरेंडर
समर्पण करने वाले नक्सलियों में
- ACM मंगेश
- ACM गणेश उइका
- ACM राजे
- ACM हिड़मे उर्फ जमाली
- ACM मंगति
शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे और सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए थे।
एरिया कमेटी होगी नक्सल मुक्त
इन पांचों नक्सलियों के आत्मसमर्पण के साथ ही कांकेर जिले की मोहला-अवन्धी संयुक्त एरिया कमेटी के नक्सल प्रभाव से मुक्त होने की उम्मीद है। यह क्षेत्र लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के कारण संवेदनशील माना जाता रहा है।
मुख्यधारा में लौटने की पहल
सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के दबाव के चलते नक्सली अब धीरे-धीरे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। यह आत्मसमर्पण उसी दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।











