M.P News : ट्रेन में सफर के दौरान सनसनी! स्‍टेशन पर इंतजार करते रह गए जज साहब… वहां ट्रेन के वॉशरूम में मिली पत्नी की लाश

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) में यात्रा के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सफर के दौरान अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान की पत्नी उषा चौहान की ट्रेन के वॉशरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया और रेलवे पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।

पति को फोन कर गई थीं वॉशरूम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा की यात्रा कर रहे थे। दोनों पति-पत्नी ट्रेन के अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे।निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।

स्टेशन पर उतरने के बाद हुई चिंता

जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी कोच से बाहर नहीं आईं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब वे बाहर नहीं आईं तो उन्हें चिंता हुई।इसके बाद उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया और संबंधित कोच के वॉशरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।इसके बाद ट्रेन को रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में दोबारा रोका गया। वहां पुलिस ने वॉशरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो उषा चौहान का शव पड़ा मिला।

साइलेंट अटैक की आशंका

पुलिस ने तुरंत शव को वॉशरूम से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मौत का संभावित कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया गया है।हालांकि, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।इस घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच भी काफी देर तक चर्चा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *