Wednesday, September 30, 2026
Home Madhya Pradesh Jitu Patwari Rajya Sabha Statement : जीतू पटवारी का बड़ा ऐलान: “मैं...

Jitu Patwari Rajya Sabha Statement : जीतू पटवारी का बड़ा ऐलान: “मैं नहीं, मेरा कोई साथी जाएगा राज्यसभा”; प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिजली गुल होने पर सरकार को घेरा

Jitu Patwari Rajya Sabha Statement : भोपाल (AVB)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। भोपाल में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि वे स्वयं राज्यसभा की रेस में नहीं हैं। पटवारी ने कहा, “पीसीसी अध्यक्ष का पद 24 घंटे की जिम्मेदारी का काम है, इसलिए मेरे अलावा पार्टी का कोई भी अन्य साथी राज्यसभा जाएगा।”

दिग्विजय सिंह के नाम पर मुहर?

जब पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की दावेदारी पर सवाल पूछा, तो जीतू पटवारी ने सकारात्मक संकेत देते हुए कहा, “बिल्कुल, वे उम्मीदवार हो सकते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान ही करेगा।” गौरतलब है कि जून में खाली हो रही राज्यसभा सीटों को लेकर कांग्रेस के भीतर मंथन तेज है, खासकर हरियाणा और बिहार जैसी क्रॉस वोटिंग की घटनाओं के बाद एमपी कांग्रेस सतर्क नजर आ रही है।

अंधेरे में प्रेस कॉन्फ्रेंस: “यही है भाजपा का 24 घंटे बिजली का दावा”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय दिलचस्प स्थिति निर्मित हो गई जब अचानक बिजली गुल हो गई। इस पर चुटकी लेते हुए जीतू पटवारी ने कहा, “भाजपा 24 घंटे बिजली देने का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन हकीकत आपके सामने है। बहनों को 1500 रुपये थमाकर बिजली के बिलों के जरिए 3000 रुपये वसूले जा रहे हैं।”

सरकार पर ‘छल’ का आरोप: बेरोजगारी और लाड़ली बहना पर प्रहार

जीतू पटवारी ने मोहन यादव सरकार को विभिन्न मोर्चों पर विफल बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए:

  • लाड़ली बहना योजना: उन्होंने इसे ‘छल’ करार देते हुए कहा कि 3000 रुपये का वादा कर केवल 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। प्रदेश की 4 करोड़ बहनों में से केवल 1 करोड़ को लाभ देना अन्याय है।

  • शिक्षा व्यवस्था: पटवारी ने कहा कि अतिथि शिक्षकों और विद्वानों को नियमित करने का वादा अधूरा है और अब शिक्षकों को परीक्षा के नाम पर डराया जा रहा है।

  • बढ़ता कर्ज: उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मध्य प्रदेश कर्ज में डूबता प्रदेश बन गया है। सरकार बार-बार कर्ज लेकर युवाओं के भविष्य पर बोझ डाल रही है।

कथावाचक मोहित नागर ने थामा कांग्रेस का दामन

इस अवसर पर मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध कथावाचक मोहित नागर ने जीतू पटवारी की मौजूदगी में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। पटवारी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग का कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here