Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक छोटे से गांव की बेटी ने नीदरलैंड के युवक के साथ शादी कर अपने रिश्ते को नया नाम दिया है। पामगढ़ विकासखंड के भुईगांव की रहने वाली 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड निवासी 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम से विवाह किया है। जिला कलेक्टर कार्यालय में विवाह की औपचारिकताएं पूरी होने और प्रमाण पत्र जारी होने के बाद यह शादी इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
कलेक्टर कार्यालय में पूरी हुई विवाह की प्रक्रिया
विवाह प्रमाण पत्र के अनुसार, दूल्हे क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम नीदरलैंड के निवासी हैं। उनके पिता का नाम विलेम डीर्क वरबूम है। वहीं, दुल्हन क्रिस्टीना नथेनियल के पिता का नाम हनोल नथेनियल है। क्रिस्टीना जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम भुईगांव की रहने वाली हैं।
दोनों ने जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। विवाह अधिकारी प्रमोद गुप्ता के समक्ष तीन गवाहों की मौजूदगी में धारा-5 के तहत घोषणा की गई। इसके बाद विवाह प्रमाण पत्र जारी किया गया। कार्यालय में दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाई। इस दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सामने आई हैं।
नीदरलैंड में नौकरी के दौरान शुरू हुई प्रेम कहानी
जानकारी के मुताबिक, क्रिस्टीना नौकरी के सिलसिले में नीदरलैंड में रहती हैं। वहीं उनकी मुलाकात क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम से हुई। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। एक-दूसरे को समझने और साथ जीवन बिताने का फैसला करने के बाद दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया।बताया जा रहा है कि इस रिश्ते को दोनों परिवारों का भी समर्थन मिला। इसके बाद दोनों ने जांजगीर-चांपा में विवाह की औपचारिकताएं पूरी कीं।

भुईगांव से नीदरलैंड तक चर्चा
Janjgir-Champa News: भुईगांव जैसे छोटे से गांव की बेटी और नीदरलैंड के युवक की शादी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। इस विवाह में दो अलग-अलग देशों की पृष्ठभूमि और संस्कृतियों का मेल देखने को मिल रहा है। हालांकि, शादी के बाद दोनों कहां रहेंगे और अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत किस देश में करेंगे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान की यह शादी अब जिले में चर्चा बटोर रही है। दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला करते हुए अपने रिश्ते की नई शुरुआत की है।
