Janakpur Bank Cashier Drunk: कुर्सी के नीचे छिपा आधी रकम का सच, नशा उतरते ही खुला जनकपुर बैंक का यह बड़ा राज!

VIKASH KHALKHO

जनकपुर। Nishaanebaz.com-Janakpur Bank Cashier Drunk: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एम.सी.बी.) जिले के अंतर्गत आने वाले जनकपुर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बैंक में पदस्थ कैशियर पर नशे की हालत में ड्यूटी करने, खाताधारक को पूरी रकम न देकर उसके पैसे चुराने और विरोध करने पर अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। यह पूरी घटना उस समय उजागर हुई जब पैसे निकालने आए एक ग्राहक को कैशियर ने काउंटर पर आधी ही रकम थमा दी और बाकी के पैसे अपनी कुर्सी के नीचे छिपा दिए। बैंक परिसर में हंगामे की स्थिति निर्मित होने और मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद आरोपी कैशियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जनकपुर निवासी खाताधारक मणि प्रसाद पाण्डेय बुधवार को अपने निजी बैंक खाते से 3,000 रुपये की नकद निकासी करने के लिए बैंक की जनकपुर शाखा पहुंचे थे। आरोप है कि कैश काउंटर पर मौजूद कैशियर आलोक भूजाबली ने नकद भुगतान करते समय उन्हें 3,000 रुपये के बजाय केवल 1,500 रुपये ही थमाए और दावा किया कि पूरी रकम का भुगतान कर दिया गया है। जब खाताधारक मणि प्रसाद ने दी गई राशि का मिलान कर विरोध जताया, तो मामला बढ़ता देखकर बैंक के शाखा प्रबंधक उमेश कुशवाहा के हस्तक्षेप तक जा पहुंचा।

शाखा प्रबंधक की मौजूदगी में जब काउंटर और कैशियर के पास मौजूद कैश का बारीकी से मिलान कराया गया, तो शेष 1,500 रुपये कैशियर की कुर्सी के नीचे छिपे हुए पाए गए। इस पूरी हरकत के सामने आते ही बैंक में उपस्थित अन्य ग्राहकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और बैंक परिसर में जोर-जबरदस्त हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश यादव भी शिकायत दर्ज कराने और स्थिति का जायजा लेने बैंक पहुंचे थे। आरोप है कि अत्यधिक नशे में होने के कारण कैशियर आलोक भूजाबली ने भाजपा नेता के साथ भी जमकर गाली-गलौज और अभद्रता की।

Read More : MP Swamitva Yojana Crisis: पोर्टल की सुस्त चाल से थमी रजिस्ट्रियां, लक्ष्य हासिल करना बना चुनौती

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य खाताधारकों ने बैंक कर्मचारियों के देर से दफ्तर आने और आम लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रखने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनकपुर पुलिस टीम बैंक पहुंची और आरोपी कैशियर को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाने में जब पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर मशीन से आरोपी कर्मचारी की चिकित्सीय जांच की गई, तो उसमें 204 मिलीग्राम अल्कोहल की मात्रा पाई गई, जिससे ऑन-ड्यूटी भारी मात्रा में शराब के सेवन की पुष्टि हुई।

शाखा प्रबंधक उमेश कुशवाहा ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त कैशियर की लापरवाही और अनुचित व्यवहार से जुड़ी शिकायतें पहले भी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित की जा चुकी थीं। इस बार ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने, खाताधारक के पैसे गायब करने और हाथापाई जैसी गंभीर स्थिति पैदा करने पर आरोपी कैशियर आलोक भूजाबली को तत्काल निलंबित करने की विभागीय कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे प्रकरण की निष्पक्ष विभागीय जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आरोपी कर्मचारी पर आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *