Jaipur Road Accident : रफ्तार का कहर: नशे में धुत युवकों की लग्जरी कार ने 16 लोगों को रौंदा, एक की मौत

Sanjay Sahu
Jaipur Road Accident

Jaipur Road Accident : जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के पत्रकार कॉलोनी इलाके में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। नशे में धुत युवकों की एक बेकाबू लग्जरी कार ने सड़क किनारे चल रहे और ठेलों के पास खड़े 16 लोगों को कुचलते हुए करीब 30 मीटर तक घसीट लिया। इस दर्दनाक हादसे में भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jaipur Road Accident : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार लग्जरी कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खाने-पीने के ठेलों में जा घुसी। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि रास्ते में जो भी सामने आया, वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वहां खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

Jaipur Road Accident : पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार में कुल चार लोग सवार थे और सभी नशे की हालत में थे। हादसे के बाद तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना में शामिल लग्जरी कार को जब्त कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Jaipur Road Accident : घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी गुरभूपिंदर सिंह ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे सूचना मिलते ही पुलिस चेतक वाहन और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे समय रहते उपचार मिल सके।

Jaipur Road Accident : इस हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया और मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराया जाए। वहीं उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *