Jagdalpur News : जगदलपुर। जगदलपुर रेलवे की जमीन पर वर्षों से कब्जा कर झुग्गी बस्ती बनाकर रहने वाले 32 परिवारों के घरों पर शनिवार को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। करीब चार दशक से रह रहे मकानों पर रेल प्रशासन का तोड़ू दस्ता जेसीबी और पोकलेन मशीन की सहायता से कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से सैकड़ों गरीब लोग सड़कों पर आ गए और मौके पर हंगामा हुआ।
Jagdalpur News : रेलवे प्रशासन के आईडब्ल्यू सेक्शन के अधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान लोगों को घर का सामान निकालने का समय नहीं दिया गया। इससे कई परिवारों का अलमारी, बर्तन, फर्नीचर, टीवी, पंखा और कपड़ों सहित कीमती सामान नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले कार्रवाई करना अनुचित है। अब प्रभावित परिवार अपने बच्चों के साथ त्यौहार कैसे मनाएंगे, यह चिंता का विषय है।
Jagdalpur News : 2022 में खाली करने के लिए जारी हुआ था नोटिस
Jagdalpur News : शहर के संजय गांधी वार्ड स्थित रेलवे क्षेत्र में वर्षों से सैकड़ों लोग कच्चे शेडनुमा मकान बनाकर रह रहे थे। रेलवे प्रशासन ने 2022 में नोटिस जारी कर कब्जा खाली करने को कहा था। इससे पहले भी कई बार नोटिस दिए गए थे। कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस बल, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में मौजूद थे।
Jagdalpur News : कांग्रेस ने बताया गलत
Jagdalpur News : कांग्रेस नेताओं ने रेलवे की कार्रवाई को गलत बताया। उनका कहना है कि बिना पूर्व सूचना दिए प्रशासन ने बुलडोजर चलाया और 32 मकान तोड़ दिए। प्रभावित लोगों ने बोधघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई और जबरन मकान तोड़े जाने का आरोप लगाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मोर्य ने कहा कि जिन लोगों को पीएम आवास की स्वीकृति मिली हुई है, उन्हें अभी तक आवास नहीं दिया गया। दीपावली से पहले की गई यह कार्रवाई अमानवीय है।
Jagdalpur News : महापौर बोले – सभी पीड़ितों को मिलेगा पीएम आवास
Jagdalpur News : भाजपा के महापौर संजय पांडे ने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को पीएम आवास दिलाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल में गरीबों के घर तोड़ती थी और अब सहानुभूति दिखा रही है। भाजपा ने जब 2022 में इस कार्रवाई का विरोध किया था, तब कांग्रेस सरकार ने हमारे कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज कराई थी।
Jagdalpur News : 30 सितंबर को जारी हुआ था नोटिस
Jagdalpur News : रेलवे प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले एसडीएम और पुलिस को सूचित किया गया था। 30 सितंबर को सभी अवैध कब्जाधारियों को नोटिस देकर कब्जा खाली करने के निर्देश दिए गए थे। किसी ने भी आदेश का पालन नहीं किया, इसलिए 11 अक्टूबर को तय तिथि पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे वर्षों से जमीन खाली करने के लिए नोटिस जारी कर रहा था, लेकिन जब किसी ने ध्यान नहीं दिया तो मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी।











