इंदौर। आईएसआई जासूसी केस : पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गतिविधियों को लेकर इंदौर में खलबली मच गई है। जांच में सामने आया है कि ज्योति इंदौर से बस के जरिए दिल्ली गई थी और इस सफर में उसने धार्मिक स्थलों से जुड़ी सूचनाएं और वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे, जिनकी क्लिपिंग्स अब एजेंसियों के रडार पर हैं।
आईएसआई जासूसी केस : बताया जा रहा है कि ज्योति ने इंदौर की छोटी ग्वाल टोली से अपनी यात्रा की शुरुआत की थी और रास्ते में उज्जैन, नीमच, चित्तौड़गढ़ जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का जिक्र किया। शक है कि उसने महाकाल मंदिर जैसे संवेदनशील धार्मिक स्थलों की जानकारी वीडियो और GPS लोकेशन के साथ पाकिस्तान को भेजी हो सकती है।
जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की तह में जाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या यह मामला सिर्फ प्रचार के बहाने जासूसी तक सीमित था या किसी बड़े षड्यंत्र की कड़ी है। पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए, जो देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हैं।











