International Terrorist Arrested : श्रीनगर/नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसर गजवात-उल-हिंद (AGuH) से जुड़े एक विशाल अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल सात संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चौंकाने वाले रूप से दो डॉक्टर भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और लगभग 2,900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
Read More : Pendra Auto Accident : खेलकूद कार्यक्रम में जा रही छात्राओं से भरी ऑटो पलटी, 7 घायल……
2,900 किलोग्राम विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आतंकियों के पास से 2,900 किलोग्राम आईईडी (IED) बनाने की सामग्री, हथियार और गोला-बारूद का भारी जखीरा बरामद किया है।
गिरफ्तार किए गए सात संदिग्ध आतंकियों में फरीदाबाद के डॉक्टर मुअज़मिल अहमद गनई और कुलगाम निवासी डॉक्टर आदिल भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क भारत के कई राज्यों तक फैला हुआ था और पाकिस्तान से जुड़े हैंडलरों से संचालित हो रहा था।
‘व्हाइट कॉलर टेरर नेटवर्क’ का खुलासा
पुलिस ने इस मॉड्यूल को ‘व्हाइट कॉलर टेरर नेटवर्क’ नाम दिया है। इस नेटवर्क में कुछ प्रोफेशनल्स और छात्र शामिल थे, जो आतंकियों से जुड़े हुए थे। ये आतंकी एन्क्रिप्टेड चैनलों (Encrypted Channels) के माध्यम से विचारधारा फैलाने, फंड मूवमेंट करने और हथियारों की सप्लाई का समन्वय कर रहे थे।
जांच में सामने आया है कि ये लोग विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और सोशल व एजुकेशनल नेटवर्क्स का इस्तेमाल करते हुए फंड जुटा रहे थे। पुलिस ने बताया कि यह नेटवर्क सोशल वेलफेयर (सामाजिक कल्याण) के नाम पर धन जुटाता था और फिर उसे आतंकी गतिविधियों में खर्च करता था।
International Terrorist Arrested : हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला था नेटवर्क
इस मॉड्यूल पर जांच 19 अक्टूबर को श्रीनगर के बुनपोरा नौगाम इलाके में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर मिलने के बाद शुरू हुई थी। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह आतंकी नेटवर्क केवल घाटी तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इसका विस्तार हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों तक भी था।
फरीदाबाद में डॉक्टर मुअज़मिल अहमद गनई को उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को उसके पास से 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट, AK-56 रायफल, AK Krinkov, बरेटा पिस्टल, चीनी स्टार पिस्टल और सैकड़ों कारतूस बरामद हुए हैं। यह जखीरा किसी बड़ी आतंकी साजिश की ओर इशारा करता है।
गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सात संदिग्धों की पहचान जारी की है, जिनमें शामिल हैं:
- आरिफ निसार डार उर्फ साहिल (श्रीनगर)
- यासिर-उल-अशरफ (श्रीनगर)
- मकसूद अहमद डार उर्फ शाहिद (श्रीनगर)
- मौलवी इरफान अहमद (शोपियां)
- जमीर अहमद अहांगर (गंदरबल)
- डॉ. मुअज़मिल अहमद गनई (पुलवामा, फरीदाबाद से गिरफ्तार)
- डॉक्टर आदिल (कुलगाम)
जम्मू-कश्मीर पुलिस की यह कार्रवाई आतंकी संगठनों की कमर तोड़ने और देश के विभिन्न हिस्सों में उनकी बड़ी साज़िशों को नाकाम करने की दिशा में एक बड़ी सफलता है।











