इंदौर: शहर के पलासिया थाना क्षेत्र में एक ट्रेडिंग कारोबारी से लूट की घटना में शामिल दो पुलिस जवानों पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन-2 ने दोनों आरोपियों को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।
दोस्त के साथ मिलकर की थी वारदात
जांच में सामने आया कि आरोपी सिपाही मनोज मालवीय और अविनाश चंद्रवंशी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर ट्रेडिंग कारोबारी को निशाना बनाया। आरोप है कि उन्होंने कारोबारी से जबरन 4000 यूएसडीटी (डिजिटल करेंसी) अपने साथी के खाते में ट्रांसफर कराए। इस खुलासे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
Read More : M.P की लाडली बहनों को बड़ी सौगात, आज आएगी 33वीं किस्त, CM मोहन के सिंगल क्लिक से ट्रांसफर
दोनों आरोपी फिलहाल जेल में बंद
घटना उजागर होने के बाद दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वर्तमान में वे न्यायिक हिरासत में हैं। विभागीय जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया।
पलासिया पुलिस कर रही विस्तृत जांच
मामले की आगे की जांच पलासिया थाना पुलिस द्वारा जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था तथा डिजिटल करेंसी के लेनदेन का पूरा नेटवर्क क्या है।
वर्दी के दुरुपयोग पर सख्ती का संदेश
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मियों द्वारा अपराध करने पर और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।













