Indore News : इंदौर। सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक अवेयरनेस को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना हेलमेट पेट्रोल देने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए प्रशासन ने दो पेट्रोल पंपों को सील कर दिया है। सांवेर रोड स्थित गणराज्य फ्यूल्स और खुड़ैल स्थित एक पेट्रोल पंप पर यह कार्रवाई की गई है।
Indore News : दरअसल, कलेक्टर के आदेश के बावजूद इन पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट वाले ग्राहकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। जिला प्रशासन को इसकी शिकायत मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने निरीक्षण किया और नियमों के उल्लंघन पर सीलिंग की कार्रवाई कर दी।
कलेक्टर ने ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साफ निर्देश दिए थे कि बिना हेलमेट के किसी को पेट्रोल न दिया जाए और शासकीय कार्यालयों में भी बिना हेलमेट वालों को एंट्री न दी जाए। इसके बावजूद पेट्रोल पंपों पर लापरवाही पाई गई, जिस पर त्वरित सख्त एक्शन लिया गया।
प्रशासन ने अन्य पेट्रोल पंप संचालकों को भी चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही पाई गई तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।











