Indore MBA Student Murder : इंदौर (13 फरवरी 2026): इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंकल गली में एक 24 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है, जो एमबीए की छात्रा थी। खुशबू पिछले चार दिनों से लापता थी और परिजनों ने पंढरीनाथ थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
दृश्य देखकर दहल गई पुलिस
द्वारकापुरी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किराए के कमरे से दुर्गंध आ रही है। जब पुलिस ने दरवाजा खोला तो अंदर खुशबू का शव नग्न अवस्था में पड़ा था। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने बताया कि युवती के गले पर रस्सी के गहरे निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह साफ लग रहा है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। शव की स्थिति को देखते हुए माना जा रहा है कि हत्या 2 से 3 दिन पहले ही कर दी गई थी।
बर्थडे पार्टी का बोलकर निकली थी घर से
परिजनों के अनुसार, खुशबू 11 तारीख को अपने पिता के साथ जन्म प्रमाण पत्र सुधरवाने गई थी। उसी रात वह अपनी सहेली की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। जब उसका मोबाइल बंद आया तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में पुलिस की शरण ली थी।
प्रेम-प्रसंग और मुख्य संदिग्ध पियूष
पुलिस जांच में मंदसौर निवासी पियूष धनोतिया का नाम मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आया है। बताया जा रहा है कि पियूष और खुशबू रिलेशनशिप में थे और जिस कमरे से शव मिला है, उसका संबंध भी संदिग्ध से जोड़ा जा रहा है। घटना के बाद से ही पियूष फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या से पहले मृतका के साथ कोई गलत काम (दुष्कर्म) भी हुआ था। वास्तविकता का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।













