इंदौर: इंदौर जिले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित हो रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई ग्राम जलोदिया पार में की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से फटाका निर्माण किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान प्रशासन ने फटाका बनाने में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है।
खुले में रखा बारूद और सल्फर पाउडर जब्त
प्रशासनिक टीम जब मौके पर पहुंची तो पाया गया कि फैक्ट्री में सल्फर पाउडर, बारूद और अन्य ज्वलनशील रसायन खुले में रखे हुए थे। यह स्थिति बेहद खतरनाक थी और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। अधिकारियों ने तत्काल सभी सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया।
Read More : भोपाल की लुटेरी दुल्हन को जेल, पांच पतियों वाली हसीना को 2 साल की सजा
बिना सुरक्षा इंतजाम, हादसे का बड़ा खतरा
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में न तो कोई वैध लाइसेंस था और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। न अग्निशमन व्यवस्था थी और न ही श्रमिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम। प्रशासन का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती, तो क्षेत्र में बड़ा विस्फोट या जान-माल का नुकसान हो सकता था।
प्रशासन को मिली थी गुप्त सूचना
सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन को ग्राम जलोदिया पार में अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान मौके से फटाका निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल और तैयार अर्धनिर्मित पटाखे भी बरामद किए गए।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
प्रशासन ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का विस्फोटक या पटाखा निर्माण पूरी तरह गैरकानूनी है। भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और कार्रवाई जारी रहेगी।









