Jitu Patwari Sagar Visit : सागर। जिले के सानोधा थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर में शराब दुकान कर्मचारियों द्वारा दो युवकों की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मंगलवार शाम मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी शाहपुर पहुंचे। उन्होंने मृतक नीरज प्रजापति और सूरज अहिरवार के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दोहरे हत्याकांड के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस और प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने पुलिस और प्रशासन पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से क्षेत्र में शराब माफिया का आतंक चरम पर है। पटवारी ने मौके से ही सागर पुलिस अधीक्षक (SP) से फोन पर चर्चा की और संबंधित एसडीओपी (SDOP) को हटाने तथा सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पटवारी ने कलेक्टर से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी फोन रिसीव नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
मुख्यमंत्री के दौरे पर उठाए सवाल पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री निजी कार्यक्रमों के लिए सागर आ सकते हैं, लेकिन इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों का दर्द बांटने के लिए उनके पास समय नहीं है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाली का प्रमाण है।
क्या है पूरा मामला? गौरतलब है कि 8 मई की रात शराब दुकान के कर्मचारियों के साथ हुए विवाद में नीरज प्रजापति और सूरज अहिरवार की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के विरोध में परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम किया था, जिसे क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया। प्रशासन ने अब तक चौकी प्रभारी को लाइन अटैच किया है और मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार हैं।









