[Nishaanebaz News] Indore Arms Smuggling: इंदौर। तेजाजीनगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन देशी पिस्टल, एक देशी रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की हीरो पैशन प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। बरामद हथियार और वाहन की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
बायपास इलाके में चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
जोन-1 के एडिशनल डीसीपी सुमित केरकेट्टा के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के अगले दिन तेजाजीनगर थाना पुलिस की टीम आउटर और बायपास क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कस्तूरबा ग्राम-रालामंडल रोड पर एक युवक काले रंग की मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध हालत में नजर आया।पुलिस टीम को देखते ही युवक ने बाइक स्टार्ट कर मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले बैग से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।
बैग से निकलीं 3 पिस्टल, रिवॉल्वर और 4 जिंदा कारतूस
Indore Arms Smuggling: इंदौर।पुलिस के अनुसार आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर तीन 32 बोर की देशी पिस्टल, एक सिक्स राउंड देशी रिवॉल्वर और चार जिंदा 32 बोर कारतूस मिले। इसके अलावा पुलिस ने हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी की पहचान मिथिलेश पिता राधेश्याम लश्करी (30) निवासी सुपर सिटी शांति नगर, महू के रूप में की है। बरामद हथियार और बाइक की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
Indore Arms Smuggling: एडिशनल डीसीपी सुमित केरकेट्टा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ बाणगंगा थाने में पहले से प्रकरण दर्ज है। अब तेजाजीनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथियार कहां से आए और किसे सप्लाई होने थे?
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हथियारों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लेकर आया था और इंदौर में किन लोगों को इनकी सप्लाई की जानी थी।
Indore Arms Smuggling: पुलिस को आशंका है कि आरोपी के पीछे अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा नेटवर्क हो सकता है। पूछताछ के आधार पर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।





