Indore Crime : इंदौर : इंदौर शहर में अवैध ड्रग्स गिरोह की सरगना और कुख्यात महिला तस्कर सीमा नाथ की अवैध संपत्तियों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी हो रही है। क्राइम ब्रांच द्वारा सीमा को गिरफ्तार करने के बाद जांच में सामने आया है कि सीमा नाथ ने तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के जरिए करोड़ों की संपत्ति बनाई है और वह नावदा पंथ के आकाश गोखले उर्फ गांधी के माध्यम से ब्राउन शुगर बुलवाती थी।इसी कड़ी में उसकी करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्तियों को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Indore Crime : दरअसल तीन दिन पहले सीमा नाथ को द्वारकापुरी इलाके के अहीरखेड़ी स्थित नाथ मोहल्ला से गिरफ्तार किया गया था। छापे के दौरान पुलिस ने उसके पास से 518 ग्राम ब्राउन शुगर और 48 लाख 50 हजार रुपए से ज्यादा नगदी बरामद की थी। नकदी इतनी अधिक थी कि पुलिस को गिनने के लिए काउंटिंग मशीन बुलाना पड़ी। अब पुलिस उसकी अवैध संपत्तियों पर भी शिकंजा कस रही है। क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि सीमा नाथ और उसके गिरोह पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी।
Indore Crime : सीमा पर महिलाओं और नाबालिग बच्चियों को तस्करी के जाल में फंसाने और उन्हें अन्य राज्यों में भेजकर नेटवर्क तैयार करने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि सीमा ने ड्रग्स तस्करी से कमाई गई रकम से इंदौर में कई अचल संपत्तियां खड़ी की हैं। प्रारंभिक मूल्यांकन के अनुसार, इन संपत्तियों की कीमत लगभग तीन करोड़ रुपए है। दंडोतिया ने कहा कि संबंधित विभागों को प्रस्ताव भेज दिया गया है और जल्द ही इन्हें जब्त कर राजसात किया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि सीमा नाथ की जानकारी के आधार पर पुलिस ने ड्रग पेडलर आकाश गोखले उर्फ गांधी को भी पकड़ा है, जिससे सीमा ब्राउन शुगर मंगवाती थी। अब गांधी को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।











