Indian Army : पुंछ| 25 जुलाई 2025 — जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के नजदीक शुक्रवार दोपहर को हुए बारूदी सुरंग (माइन) विस्फोट में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सैन्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह हादसा कृष्णा घाटी सेक्टर में एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग के दौरान हुआ।
भारतीय सेना के मुताबिक, 7 जाट रेजिमेंट की टुकड़ी जब अग्रिम चौकी के पास नियमित गश्त कर रही थी, तभी जमीन के नीचे छिपी M-16 माइन में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका पुंछ की हवेली तहसील के सलोत्री गांव स्थित विक्टर पोस्ट के पास दोपहर करीब 12 बजे हुआ। विस्फोट में अग्निवीर ललित कुमार शहीद हो गए, जबकि नायब सूबेदार हरि राम और हवलदार गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री बेस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
TRF ने ली जिम्मेदारी
पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े प्रॉक्सी ग्रुप “द रेजिस्टेंस फ्रंट” (TRF) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को पूर्व नियोजित घात के रूप में देख रही हैं और घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी गई है।
सेना और देश का श्रद्धांजलि संदेश
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने शहीद जवान को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी। X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा गया —
“GOC व्हाइट नाइट कोर और सभी रैंक 7 जाट रेजिमेंट के अग्निवीर ललित कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने एक माइन विस्फोट के बाद कृष्णा घाटी ब्रिगेड के सामान्य क्षेत्र में गश्त के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। हम इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।”
उपराज्यपाल ने जताया शोक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी अग्निवीर ललित कुमार को श्रद्धांजलि दी और कहा:
“मैं अग्निवीर ललित कुमार को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। राष्ट्र इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।”
सीमा पार से घुसपैठ रोकने की मुहिम
भारतीय सेना लगातार LoC के पास घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग अभियान चलाती रही है। पिछले कुछ हफ्तों से पाकिस्तानी प्रॉक्सी आतंकियों की गतिविधियों में फिर से तेजी देखी जा रही है। सेना और स्थानीय प्रशासन विस्फोट के कारण और परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।











