मध्यप्रदेश परिवहन विभाग द्वारा चेकपोस्ट बंद कर उनके स्थान पर बनाए गए चेकपॉइंट पर भी पहले की तरह ट्रक चालकों से जबरदस्ती और मारपीट कर अवैध वसूली शुरू हो गई है। चेकपॉइंट पर तैनात किए गए परिवहन कर्मी ट्रक चालकों को धमकाकर और मारपीट कर पैसा तो वसूली ही रहे हैं, ऑनलाइन चालान की धमकी देकर ट्रक मालिकों को भी ब्लैकमेल कर रहे हैं।
अवैध वसूली के लिए मारपीट, धमकाने और वीडियो बनाने पर मोबाइल तोड़ने का एक मामला सोमवार को मप्र के मंडला जिले के पांडुतला आरटीओ चेकपोस्ट से सामने आया है। यहां वाहन चेकिंग के नाम पर विभागीय अमले ने वाहन चालकों से मारपीट की। बोलेरो कार क्रमांक एमपी 51 जेडडी 7090 नंबर की आरटीओ की पट्टी लगी कार में सवार होकर पहुंचे
परिवहन कर्मियों का मारपीट, गाली-गलौच और जबरदस्ती वसूली का वीडियो बनाने पर परिवहन विभाग के कर्मचारियों द्वारा वाहन चालक का मोबाइल तोड़ दिया। परिवहन कर्मियों द्वारा मारपीट के बाद विवाद बढ़ा तो ट्रक चालकों ने इकट्ठे होकर न केवल विरोध प्रदर्शन किया, बल्कि मारपीट और मोबाइल तोड़ने वाले परिवहन टीएसआई पर कार्रवाई की भी मांग की। इस तरह की अवैध वसूली के खिलाफ विभिन्न राज्यों के ट्रांसपोर्टर मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत करने, फिर भी अवैध वसूली बंद नहीं होने पर मप्र में बड़ा प्रदर्शन और फिर से हड़ताल की रणनीति बना रहे हैं।











