शिबू सोरेन संस्कार भोज : झारखंड | झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। नेमरा गांव में आयोजित इस भव्य आयोजन में न सिर्फ झारखंड के 24 जिलों से, बल्कि बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से भी श्रद्धालु पहुंचे। प्रशासन ने अनुमान लगाया कि दो लाख से अधिक लोग संस्कार भोज में शामिल हुए।
शिबू सोरेन संस्कार भोज : इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने अतिथि और आमजन दोनों से मिलकर भोजन और व्यवस्थाओं का हाल जाना। भोज के लिए विशेष पंडाल तैयार किए गए थे, जहां एक बार में 5000 लोग बैठकर भोजन कर सकते थे।
भोजन में कुल 12 व्यंजन परोसे गए – दाल, चावल, पूड़ी, आलू-परवल की सब्जी, मिक्स वेज, मछली फ्राई, मटन, दही, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, बूंदी, पापड़ और सलाद। साथ ही, गुरुजी की पसंदीदा पकौड़ी भी खास तौर पर बनाई गई। शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह के आगंतुकों के लिए अलग-अलग व्यवस्था रही।
भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए। 10 आईपीएस, 60 डीएसपी, 65 इंस्पेक्टर और 2500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहे। आने-जाने की सुविधा के लिए 300 ई-रिक्शा भी लगाए गए।
नेमरा गांव में बने अस्थायी पुलिस कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नज़र रखी जा रही थी। संस्कार भोज का सिलसिला सुबह 11 बजे से शुरू हुआ और देर रात तक चलता रहा।
गौरतलब है कि 4 अगस्त को शिबू सोरेन का दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हुआ था। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार नेमरा गांव में किया गया, जहां उनके पुत्र और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।











