दिल दहलाने वाली घटना : 15 दिन के मासूम के होंठ फेविक्विक से चिपकाए, मुंह में ठूंसे पत्थर, फिर जंगल में फेंका…

Parivesh
भीलवाड़ा

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिजौलिया थाना क्षेत्र के सीता कुंड मंदिर के पास जंगल में एक 10 से 15 दिन का नवजात लावारिस हालत में मिला, जिसकी हालत बेहद नाजुक थी। मासूम के मुंह में पत्थर ठूंसे गए थे और उसके होंठ फेविक्विक से चिपका दिए गए थे, ताकि वह रो न सके।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को एक चरवाहा मवेशी चरा रहा था, तभी उसकी नजर पत्थरों के बीच पड़े बच्चे पर पड़ी। पास जाकर देखा तो मासूम सांस ले रहा था लेकिन रोने में असमर्थ था। चरवाहे ने हिम्मत दिखाते हुए बच्चे के मुंह से पत्थर निकाले। पत्थर हटते ही बच्चा जोर-जोर से रोने लगा। इस दौरान उसकी आंखें लगातार रोने से लाल हो चुकी थीं और तेज धूप से उसका शरीर झुलस गया था।

स्थानीय लोगों की मदद से नवजात को तुरंत बिजौलिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और बच्चे के माता-पिता की तलाश में आसपास के अस्पतालों व गांवों में पूछताछ कर रही है।

इस हैवानियत भरे कृत्य ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द पकड़कर सख्त सजा देने की मांग की है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *