हिनौती: क्षेत्र के हिनौती गांव में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने एक के बाद एक कई दुकानों के ताले तोड़ दिए। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और साहस से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
जानकारी के अनुसार, चोरी की भनक लगते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आरोपी प्रिंस चतुर्वेदी को दबोच लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे खंभे से बांध दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया।
मौके से स्कूटी और हथियार बरामद
घटनास्थल से चोरों की स्कूटी भी बरामद की गई है, जिसमें धारदार हथियार रखे हुए थे। इससे साफ है कि बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। पुलिस ने स्कूटी और हथियार जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
Read More : Raipur Murder : ड्रोन कंपनी के मालिक ने सगे भाई को मारी गोली, 2 साल बाद आया फैसला, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद
इनामी बदमाश फरार
ग्रामीणों का आरोप है कि इस वारदात में इनामी बदमाश आलोक चतुर्वेदी और सचिन जायसवाल भी शामिल थे, जो मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यही गिरोह कुछ दिन पहले स्थानीय निवासी अनुराग मिश्रा पर हुए जानलेवा हमले में भी शामिल था।
पुलिस पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि इनाम घोषित होने के बावजूद बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। फिलहाल गढ़ पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।













