Heroin Seized Chhattisgarh : दुर्ग (छत्तीसगढ़): दुर्ग पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। खुर्शीपार थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्करी गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के पास से 43.14 ग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8.65 लाख रुपये आंकी गई है।
अमृतसर से दुर्ग तक जुड़ा था सप्लाई नेटवर्क पकड़े गए आरोपियों में मुख्य सरगना विजय सिंह (26) मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है। जांच में खुलासा हुआ है कि विजय सिंह पंजाब से नशे की खेप लाकर दुर्ग और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके साथ दुर्ग के ही दो अन्य साथियों, मीर नौशाद अली और सुरेंद्र क्षत्रिय को भी दबोचा है।
सुलभ शौचालय के पास चल रहा था ‘सौदा’ 29 मार्च की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्शीपार के मिनी स्टेडियम स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ संदिग्ध युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से हेरोइन के अलावा 5 मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत 8.90 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजे गए जेल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय पैडलर्स की तलाश में जुटी है।











