नई दिल्ली : हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी नई Hero Glamour X 125 बाइक भारतीय बाजार में लॉन्च कर दी है। कंपनी के अनुसार यह 125 सीसी सेगमेंट की अब तक की सबसे फ्यूचरिस्टिक बाइक है। खास बात यह है कि इसमें कम्यूटर सेगमेंट की पहली बार क्रूज कंट्रोल और गियर पोजिशन एडवाइजरी सिस्टम जैसी तकनीकें दी गई हैं।
नई Glamour X मस्कुलर बॉडी और शार्प कैरेक्टर लाइंस के साथ आती है। ‘H’ शेप का फुल एलईडी हेडलैंप, इंटीग्रेटेड पोज़िशन लाइट और स्टाइलिश एलईडी टेल लैंप इसे प्रीमियम लुक देते हैं। बाइक के दो वेरिएंट हैं — ड्रम ब्रेक (89,999 रुपये) और डिस्क ब्रेक (99,999 रुपये) — और यह पाँच रंग विकल्पों में उपलब्ध है।
डिज़ाइन और कम्फर्ट:
हीरो ने बाइक के हैंडलबार को पहले से 30 मिमी चौड़ा किया है और सीट की ऊँचाई 790 मिमी कर दी है। लंबे सफर के लिए बेहतर सीट कुशनिंग और बड़ी पिलन राइडर सीट दी गई है। सीट के नीचे अंडरसीट स्टोरेज में दो मोबाइल फोन, टूल किट और फर्स्ट एड किट रखी जा सकती है।
स्मार्ट फीचर्स:
Glamour X में गियर एडवाइजरी सिस्टम है, जो राइडर को इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर गियर बदलने की सलाह देता है। इसके अलावा बाइक में क्रूज कंट्रोल, तीन राइडिंग मोड (पावर, रोड और इको), ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, डिस्टेंस-टू-एम्प्टी और एडवांस मल्टी-कलर एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। टैक्टाइल स्विच गियर और हैज़र्ड स्विच भी इसमें शामिल हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस:
बाइक 124.7 सीसी के सिंगल-सिलिंडर इंजन से लैस है, जो 11.5hp की पावर और 10.5Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। किक और सेल्फ-स्टार्ट दोनों की सुविधा मौजूद है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए 130 मिमी ड्रम और 240 मिमी डिस्क ब्रेक का विकल्प है। कंपनी का दावा है कि यह बाइक लगभग 65 किलोमीटर प्रति लीटर तक माइलेज दे सकती है।
यूज़ीलिटी और अतिरिक्त फीचर्स:
स्मार्टफोन चार्जिंग के लिए दो C-टाइप पोर्ट, अंडरसीट स्टोरेज और एडवांस इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले इसे लंबी राइड्स और दैनिक उपयोग के लिए उपयुक्त बनाते हैं। गियर एडवाइजरी और क्रूज कंट्रोल फीचर्स कम्यूटर राइडर्स के लिए खास मददगार साबित होंगे।
हीरो मोटोकॉर्प का कहना है कि Hero Glamour X 125 शहर की ट्रैफिक और लंबी राइड दोनों के लिए प्रीमियम अनुभव प्रदान करती है और कम्यूटर सेगमेंट में नई तकनीक और सुविधा का स्तर बढ़ाती है।