Gwalior News : भूपेंद्र भदौरिया/ग्वालियर : ग्वालियर जिले के डबरा शहर में एक प्रॉपर्टी कारोबारी से पैसे दोगुना करने का झांसा देकर 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार होने के बाद कारोबारी की शिकायत पर सिटी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए बनारस तक दबिश दी है, लेकिन फिलहाल वे फरार हैं।
Read More : Rewa News : बीजेपी नेता ने जीजा की लाठी-डंडों से की पिटाई, एसपी ने दिए जांच के आदेश
यह मामला डबरा के प्रॉपर्टी कारोबारी मोनू शर्मा से जुड़ा हुआ है। मोनू शर्मा के करीबी मनीष शर्मा ने इस संबंध में सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, जालसाज और प्रॉपर्टी डीलर के बीच पहली मुलाकात डबरा में हुई थी, जबकि दूसरी मुलाकात ग्वालियर और तीसरी आगरा में होना बताया गया है। शुरुआती तौर पर 5 लाख रुपये का निवेश किया गया था, जिसे दोगुना करके लौटा दिया गया। इससे कारोबारी का विश्वास पक्का हो गया। इसके बाद मनीष शर्मा ने 50 लाख रुपये की बड़ी रकम दोगुना करने के लिए आरोपियों को दी।
इस मामले में हिमांशु गुप्ता और अभिषेक सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, कारोबारी ने 50 लाख रुपये की बजाय 2 करोड़ रुपये जालसाजों को दिए थे। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।











