Gharghoda News:गौरी शंकर गुप्ता /घरघोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घरघोड़ा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के मार्गदर्शन एवं घरघोड़ा न्यायालय के अधिकारियों के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में न्यायाधीश दामोदर प्रसाद चंद्रा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रीति झा, न्यायिक मजिस्ट्रेट मिनी ठाकुर, बीएमओ डॉ. एस.आर. पैंकरा, स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ, घरघोड़ा पुलिसकर्मी और पैरालीगल वालिंटियर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश दामोदर प्रसाद चंद्रा ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनके संरक्षण से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नालसा की वरिष्ठ नागरिकों को विधिक सेवाएं योजना, 2016 के बारे में भी बताया।
इसके अलावा बाल विवाह की रोकथाम, मोटर वाहन दुर्घटना में क्षतिपूर्ति, पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, महिला एवं बाल संरक्षण, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। लोक अदालत और मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
Gharghoda News:कार्यक्रम में आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता की सुविधा और हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों सहित आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना रहा।






