medical camp : बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के ग्राम विकास गतिविधि आरोग्य संस्थानम के तत्वावधान में 13 एवं 14 दिसंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय निःशुल्क पंचतत्व चिकित्सा एवं एक्यूपंचर चिकित्सा शिविर का शुभारंभ आज, शनिवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाओं का यह शिविर तुलसी आंगन, तुलसी मिलेट चौपाटी, दीनदयाल कॉलोनी, अभिषेक विहार के सामने, मंगला-बिलासपुर में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित रहेगा।
medical camp : अतिथियों ने किया दीप प्रज्वलन
शिविर के उद्घाटन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जिला बिलासपुर शहर के उपाध्यक्ष श्री अजीत सिंह भोगल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी, जिला बिलासपुर ग्रामीण के महामंत्री श्री यश मनहर और मुख्य वक्ता के रूप में ग्राम विकास गतिविधि के प्रांत प्रमुख श्री देवेंद्र जी मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रेरणा स्रोत एवं मार्गदर्शक श्री लक्ष्मी नारायण अग्रवाल जी की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गरिमा प्रदान की। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया और स्वास्थ्य सेवा के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।
medical camp : निरोगी काया: प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व
मुख्य अतिथि श्री अजीत सिंह भोगल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “पहला सुख निरोगी काया, दूजा सुख घर में हो माया।” उन्होंने पंचतत्व और एक्यूपंचर जैसी प्राकृतिक एवं वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों को आज के समय में आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया, जो बिना किसी दुष्प्रभाव के रोगों के उपचार में सहायक हैं। विशिष्ट अतिथि श्री यश मनहर ने इस प्रयास को सराहा और कहा कि ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम हैं। प्रांत प्रमुख श्री देवेंद्र जी ने ग्राम विकास गतिविधि के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए चिकित्सा शिविर की आवश्यकता और महत्व को समझाया।
medical camp : पंचतत्व सिद्धांत पर आधारित उपचार
इस दो दिवसीय शिविर में पंचतत्व सिद्धांत—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु एवं आकाश तत्वों—के संतुलन के आधार पर विभिन्न रोगों का उपचार किया जा रहा है। शिविर में सिरदर्द, कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, स्लिप डिस्क, सायटिका, त्वचा रोग, मधुमेह, रक्तचाप, थायराइड, मानसिक रोग, महिला रोग, कान, नाक, साइनस सहित अन्य जटिल रोगों के उपचार की सुविधाएँ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं।
medical camp : विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं
शिविर में चिकित्सा सेवाएँ गव्यसिद्ध चिकित्सक डॉ. धीरेंद्र यादव, तथा एक्यूपंचर चिकित्सक डॉ. अवंतिका अग्रवाल एवं डॉ. अर्चना अग्रवाल द्वारा प्रदान की जा रही हैं। आयोजकों ने बताया कि बाहर से आने वाले मरीजों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था और मिलेट्स भोजन की सुविधा भी उचित दर पर उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संघ के कार्यकर्ता, सह जिला कार्यवाह प्रोफेसर विनोद निर्मलकर जी, विभाग प्रमुख श्री रोहित भांगे जी, जिला संयोजक हिमाचल साहू जी, महिला संयोजक श्रीमती अंजू राजपूत जी एवं स्थानीय नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन नगर संयोजक अमित चतुर्वेदी द्वारा और आभार नगर सहसंयोजक अंकित श्रीवास जी द्वारा किया गया। पंजीकरण का कार्य युवा कार्यकर्ता मोहनीश कश्यप एवं उनके साथियों ने संभाला। आयोजकों ने बिलासपुर के अधिक से अधिक नागरिकों से इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।













