नई दिल्ली: जहां एक तरफ हमारे देश में किसी कंपनी द्वारा छोटा-मोटा बोनस देना एक आम बात है। वहीं पडोसी देश की एक अग्रणी टेक कंपनी अपने कर्मचारियों को सोने की कीकैप्स देकर उनके मेहनत और योगदान की जोरदार सराहना कर रही है। यह परंपरा पिछले चार सालों से जारी है। कर्मचारियों को हर साल उनके काम और समर्पण के प्रतीक के रूप में यह अनोखा बोनस दिया जाता है।
दरअसल चीन की शेनझेन स्थित टेक कंपनी Insta360 अपने कर्मचारियों को दिए जाने वाले अनोखे उपहारों के लिए चर्चा में है। कंपनी ने पिछले चार सालों से यह परंपरा निभाई है। हर साल, कर्मचारियों को उनकी मेहनत और लगन के प्रतीक के रूप में सोने की कीकैप्स दी जाती हैं।
इस साल की खासियत
जानकारी के अनुसार प्रोग्रामर डे (24 अक्टूबर) के मौके पर Insta360 ने 21 कर्मचारियों को सोने की कीकैप्स दीं। इनमें सबसे बड़ी कीकैप स्पेस बार के लिए बनाई गई है, जिसका वजन 35.02 ग्राम और कीमत लगभग 3.20 लाख युआन (करीब ₹45 लाख) बताई जा रही है। वहीं अब तक कंपनी ने कुल 55 कीकैप्स अपने कर्मचारियों को प्रदान की हैं।
यह उपहार न केवल बोनस है, बल्कि कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता की मान्यता भी है। सोने की कीमतों में वृद्धि के कारण इनकी कीमत पहले से दोगुनी हो गई है।
दसवीं सालगिरह पर जब कंपनी ने दिया ख़ास खास तोहफा
वहीं जब जुलाई में Insta360 ने अपनी 10वीं सालगिरह मनाई। इस अवसर पर हर कर्मचारी और इंटर्न को “गोल्ड ब्लाइंड बॉक्स” दिया गया। इसमें 0.36 ग्राम के शुद्ध सोने के स्टिकर्स थे। कंपनी ने संदेश दिया: “जो चमकता है, वो सिर्फ सोना नहीं, तुम भी हो।” इस संदेश से कर्मचारियों को उनकी मेहनत और प्रतिभा की अहमियत का अहसास कराया गया।
Read More : Chhindwara Viral Video : छिंदवाड़ा-नागपुर हाईवे पर अवैध वसूली का वीडियो वायरल…
कर्मचारियों की खुशियों का ध्यान
दरअसल Insta360 कर्मचारियों की व्यक्तिगत खुशियों का भी ध्यान रखती है। शादी या बच्चे के जन्म पर कर्मचारियों को 1 ग्राम का गोल्ड कॉइन दिया जाता है। इसके अलावा, साल के अंत की पार्टी में 50 ग्राम की 999 प्योर गोल्ड बार को ‘ग्रैंड प्राइज’ के रूप में वितरित किया गया।इस बाबत कंपनी के संस्थापक लियू जिंगकांग का कहना है कि सोना केवल उसकी कीमत के लिए नहीं, बल्कि स्थिरता और मेहनत का प्रतीक है।
देखा जाए तो Insta360 की यह पहल दिखाती है कि कर्मचारियों की मेहनत को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना किसी भी कंपनी के लिए सबसे बड़ा निवेश है। इस ख़ास स्टोरी में सोने की कीकैप्स न केवल उपहार हैं, बल्कि एक तरह से कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और कंपनी की मजबूती का प्रतीक भी हैं।











