5 राज्यों में मतगणना शुरू, शुरुआती रुझानों में BJP, लेफ्ट और TVK को बढ़त

Rahul Goshwami

नई दिल्ली :  असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू हो चुकी है। ईवीएम में दर्ज वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं। इस बार चुनाव आयोग ने पहले EVM वोटों की गिनती शुरू की है, जबकि पोस्टल बैलेट की गिनती बाद में की जाएगी।

शुरुआती ट्रेंड्स ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। असम में बीजेपी बढ़त बनाती दिख रही है, वहीं केरल में लेफ्ट और कांग्रेस गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। तमिलनाडु में अभिनेता थलपति विजय की पार्टी TVK ने शुरुआती बढ़त हासिल कर सबका ध्यान खींच लिया है।

तमिलनाडु में TVK ने चौंकाया

तमिलनाडु से सामने आए पहले रुझान में अभिनेता थलपति विजय की पार्टी टीवीके (TVK) 6 सीट पर आगे चल रही है। चुनावी मैदान में पहली बार उतरी विजय की पार्टी के लिए यह शुरुआती संकेत बेहद अहम माने जा रहे हैं।

राज्य में इस बार मुकाबला डीएमके, AIADMK-बीजेपी गठबंधन और TVK के बीच त्रिकोणीय माना जा रहा है। शुरुआती रुझानों ने यह साफ कर दिया है कि विजय की पार्टी चुनावी समीकरणों पर असर डाल सकती है।

असम में BJP की मजबूत शुरुआत

असम विधानसभा चुनाव के पहले रुझानों में बीजेपी ने बढ़त बना ली है। शुरुआती ट्रेंड्स के मुताबिक बीजेपी तीन सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। वहीं कांग्रेस ने गौरव गोगोई के नेतृत्व में चुनाव लड़ा है।

केरल में लेफ्ट और UDF के बीच मुकाबला

केरल से आए शुरुआती रुझानों में लेफ्ट गठबंधन ने अपना खाता खोल लिया है। फिलहाल लेफ्ट गठबंधन 5 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF गठबंधन 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

राज्य में पिनाराई विजयन लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस गठबंधन सरकार बनाने के लिए पूरा जोर लगा रहा है।

बंगाल और पुडुचेरी पर भी नजर

पश्चिम बंगाल में भी वोटों की गिनती तेजी से जारी है। यहां ममता बनर्जी और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। भवानीपुर सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जहां ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं।

वहीं पुडुचेरी में भी शुरुआती राउंड की गिनती जारी है और जल्द ही वहां से भी रुझान सामने आने की उम्मीद है।

कुछ ही घंटों में साफ होगी तस्वीर

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगले कुछ घंटों में तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी। शुरुआती रुझानों ने सभी दलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं और अब हर किसी को अंतिम नतीजों का इंतजार है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *