Election Result 2026 : बंगाल से तमिलनाडु तक वोटों की गिनती जारी, किसकी बनेगी सरकार? थोड़ी देर में आएंगे पहले रुझान

Rahul Goshwami

कोलकाता : पश्चिम बंगाल समेत देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। थोड़ी ही देर में शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे और इसके साथ ही यह तस्वीर भी साफ होने लगेगी कि जनता ने अगले पांच वर्षों के लिए किस पार्टी या गठबंधन पर भरोसा जताया है।

आज जिन राज्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जा रहे हैं उनमें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी शामिल हैं। सभी राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मतगणना केंद्रों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बंगाल में पोस्टल बैलेट की गिनती पहले

सबसे ज्यादा नजरें पश्चिम बंगाल पर टिकी हुई हैं। यहां विधानसभा की 294 सीटों में से 293 सीटों पर मतगणना हो रही है। चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक राज्य में पहले पोस्टल बैलेट के वोटों की गिनती की जा रही है, जबकि EVM की गिनती बाद में होगी।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया गया था। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले गए थे। इस बार राज्य में करीब 92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है।

भवानीपुर सीट बनी सबसे हाई-प्रोफाइल

पूरे बंगाल चुनाव में भवानीपुर सीट सबसे ज्यादा चर्चा में रही। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद चुनाव मैदान में हैं, जबकि बीजेपी ने उनके खिलाफ शुभेंदु अधिकारी को उतारा है। इस सीट के नतीजे को बंगाल की राजनीति का सबसे बड़ा संकेत माना जा रहा है।

ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं, जबकि बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने का सपना देख रही है।

असम में बीजेपी की हैट्रिक की चुनौती

असम की 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर कांग्रेस ने गौरव गोगोई के नेतृत्व में चुनाव लड़ा।

राज्य में इस बार 85 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।

तमिलनाडु में त्रिकोणीय मुकाबला

तमिलनाडु की 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया गया था। यहां रिकॉर्ड 85 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग हुई।मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश में है। वहीं AIADMK और बीजेपी गठबंधन सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रहा है। इस बार अभिनेता विजय की पार्टी TVK के मैदान में उतरने से मुकाबला और रोचक हो गया है।

केरल में पिनाराई विजयन की परीक्षा

केरल की 140 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां 78.27 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF गठबंधन सरकार बनाने का दावा कर रहा है।राजनीतिक जानकारों के मुताबिक केरल में मुकाबला बेहद कांटे का हो सकता है।

पुडुचेरी में भी कड़ी टक्कर

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर भी 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां लगभग 90 प्रतिशत मतदान ने सभी दलों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।अब कुछ ही घंटों में शुरुआती रुझान यह संकेत देने लगेंगे कि देश के इन पांच अहम राज्यों में जनता ने किसे सत्ता की जिम्मेदारी सौंपी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *