Dhamtari News: धमतरी के टिकरापारा में प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा, धर्मांतरण के आरोपों पर पुलिस ने शुरू की जांच

Sanjay Sahu
Dhamtari News

Dhamtari News: धमतरी। शहर के टिकरापारा इलाके में रविवार को एक निजी मकान में आयोजित कथित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की सूचना मिलने पर हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन ने प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना मिलते ही एएसपी डीसी पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों के मुताबिक, निजी मकान में आयोजित सभा में बाहर से करीब 35 से 40 लोगों को बुलाया गया था। संगठन ने इसे कथित चंगाई सभा बताते हुए आरोप लगाया कि यहां लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा था। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर सभा का विरोध किया और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

विरोध की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आयोजन से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ वहां मौजूद लोगों और घटनाक्रम के संबंध में भी जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।

एएसपी डीसी पटेल ने कहा कि मौके पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। उनके बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।

फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस आयोजन के उद्देश्य और सभा के दौरान हुई गतिविधियों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Dhamtari News: वहीं, हिन्दू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि धार्मिक आयोजन की आड़ में कोई अवैध गतिविधि सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *