Dhamtari Crime: ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े चोरी, ग्राहक बनकर पहुंचे 3 शातिर; 2.22 लाख की सोने की चेन पार, CCTV में कैद वारदात

Sanjay Sahu
Dhamtari Crime

Dhamtari Crime: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में ज्वेलरी शॉप से चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्राहक बनकर पहुंचे तीन लोगों ने ज्वेलर को बातों में उलझाकर 2 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मकई चौक स्थित दुकान में दिया वारदात को अंजाम

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मकई चौक स्थित शनि मंदिर के पास संचालित आमंत्रण ज्वेलर्स का है। बताया जा रहा है कि दो महिलाओं समेत तीन लोग ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे थे। तीनों ने दुकानदार से सोने-चांदी के आभूषण दिखाने को कहा और काफी देर तक अलग-अलग ज्वेलरी देखते रहे।

इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर 17 ग्राम वजन की सोने की चेन चोरी कर ली। इसके बाद तीनों दुकान से बाहर निकले और फरार हो गए। चोरी हुई चेन की कीमत करीब 2 लाख 22 हजार रुपये बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में तीनों संदिग्ध ग्राहक बनकर दुकान में आते और आभूषण देखते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान मौका मिलते ही सोने की चेन चोरी करने के बाद उनके वहां से निकलने की तस्वीरें भी CCTV में कैद हुई हैं।

जगदलपुर में भी वारदात करने का दावा

Dhamtari Crime: पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों संदिग्धों ने करीब तीन दिन पहले जगदलपुर में भी इसी तरह ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया था। धमतरी पुलिस अब जगदलपुर पुलिस के साथ समन्वय कर मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *