[nishaanebaz.com] CM Yogi Adityanath:लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में सोमवार को अयोध्या से पहुंचे एक भाई ने अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज में आ रही परेशानी की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल अधिकारियों को महिला को लखनऊ के लोहिया अस्पताल भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद महिला को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार शुरू कर दिया गया।
बहन की हालत गंभीर, लखनऊ रेफर होने के बाद बढ़ी परेशानी
अयोध्या निवासी श्याम सोनकर अपनी बहन बबिता के साथ मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंचे थे। श्याम ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बहन लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। अयोध्या में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर करने की सलाह दी थी।परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लखनऊ में इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल था। ऐसे में श्याम ने मुख्यमंत्री से बहन के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने की अपील की।
JPNIC Controversy: अखिलेश यादव पर बरसे CM योगी, 864 करोड़ के खर्च का उठाया सवाल
CM योगी ने तुरंत अधिकारियों को दिए निर्देश
परिवार की परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बबिता को एंबुलेंस के जरिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर भेजा गया।अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने महिला की जांच शुरू की और आवश्यक उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। बहन के अस्पताल पहुंचने और इलाज शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद श्याम सोनकर ने राहत की सांस ली।उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर फोन कर अपनी बहन का इलाज शुरू होने की जानकारी दी और मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इलाज के खर्च की भी होगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज में होने वाले संभावित खर्च की जानकारी और अनुमानित लागत की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद के इलाज में रुकावट नहीं आनी चाहिए। जनता दर्शन में इलाज के लिए मदद मांगने पहुंचे अन्य लोगों को भी उन्होंने हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन में अलग-अलग जिलों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।खासकर गंभीर बीमारी और इलाज से जुड़े मामलों में अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
Delhi में फिर दरिंदगी! चलती स्लीपर बस में नाबालिग से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
मासूम बच्ची से मिले CM योगी, चॉकलेट देकर खिलाई मुस्कान
जनता दर्शन के दौरान एक छोटी बच्ची भी अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। मुख्यमंत्री ने पहले उसकी मां की समस्या सुनी और फिर बच्ची से बातचीत की।मुख्यमंत्री ने बच्ची को दुलारा और उसके साथ कुछ देर सहज अंदाज में बातचीत की। इसके बाद उन्होंने बच्ची के लिए चॉकलेट मंगाई और उसके सामने ही उसका रैपर खोलकर उसे चॉकलेट दी।चॉकलेट मिलते ही बच्ची के चेहरे पर मुस्कान आ गई। मुख्यमंत्री और बच्ची के इस आत्मीय संवाद ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और माहौल कुछ देर के लिए भावुकता से मुस्कान में बदल गया।
जरूरतमंद परिवारों को मदद का भरोसा
जनता दर्शन में सामने आए इस मामले के बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आर्थिक परेशानी किसी मरीज के इलाज में बाधा नहीं बनेगी। अधिकारियों को जरूरतमंदों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।अयोध्या से मदद की उम्मीद लेकर पहुंचे श्याम सोनकर की बहन बबिता का इलाज अब लखनऊ के लोहिया अस्पताल में शुरू हो चुका है। परिवार को उम्मीद है कि बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने से उनकी हालत में सुधार होगा।





