Tikamgarh Farmers: जमील खान \टीकमगढ़। टीकमगढ़ जिले में लंबे समय से बने जल संकट और सिंचाई की समस्या को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक के.के. श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर धसान डायवर्सन योजना (ककरवाहा पिकअप परियोजना) को शीघ्र मंजूरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि धसान नदी का पानी लिफ्ट एवं पाइपलाइन प्रणाली के माध्यम से जामनी नदी तक पहुंचाया जाता है, तो जिले के हजारों किसानों को सिंचाई और पेयजल की स्थायी सुविधा मिल सकती है।मुख्यमंत्री के टीकमगढ़ दौरे से पहले लिखे गए इस पत्र में पूर्व विधायक ने जिले की जल समस्या का विस्तृत उल्लेख करते हुए इसे किसानों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया है।
जल संकट से जूझ रहा है टीकमगढ़
पूर्व विधायक के.के. श्रीवास्तव ने पत्र में कहा कि टीकमगढ़ जिला वर्षों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। लगातार गिरते भूजल स्तर और सीमित जल संसाधनों के कारण किसानों को खेती करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश गांव आज भी वर्षा और सीमित सतही जल स्रोतों पर निर्भर हैं, जिससे हर साल सिंचाई और पेयजल का संकट गहराता जा रहा है।
Bhopal Double Murder Case में बड़ा खुलासा! तालाब से मिली पिस्टल, आरोपी की पत्नी और बेटा गिरफ्तार
चंदेलकालीन तालाबों का किया उल्लेख
Tikamgarh Farmers: उन्होंने अपने पत्र में बुंदेलखंड की ऐतिहासिक जल संरचना का भी जिक्र किया। श्रीवास्तव ने लिखा कि चंदेल शासकों के समय जिले में लगभग 1100 तालाबों का निर्माण कराया गया था। आज भी इनमें से सैकड़ों तालाब मौजूद हैं, लेकिन पर्याप्त जल उपलब्ध न होने के कारण उनका पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है। यदि धसान नदी का पानी इन तालाबों तक पहुंचाया जाए तो पूरे क्षेत्र की जल व्यवस्था मजबूत हो सकती है।
मौजूदा परियोजनाओं से सीमित लाभ मिलने का दावा
पत्र में बान सुजारा बांध परियोजना और केन-बेतवा लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इन योजनाओं का लाभ जिले के सीमित क्षेत्रों तक ही पहुंच पाया है। जिन किसानों की जमीन बांध परियोजनाओं में डूबी, उन्हें अपेक्षित सिंचाई सुविधाएं नहीं मिल सकीं। ऐसे में जिले के बड़े हिस्से के किसान अब भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।
धसान डायवर्सन योजना से बदलेगी तस्वीर
Tikamgarh Farmers: पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि धसान डायवर्सन योजना (ककरवाहा पिकअप परियोजना) को नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना की तर्ज पर स्वीकृति दी जाए। योजना के तहत धसान नदी का पानी लिफ्ट और पाइपलाइन के माध्यम से जामनी नदी तक पहुंचाया जाएगा, जिससे टीकमगढ़, बड़ागांव और बल्देवगढ़ क्षेत्र के किसानों को व्यापक सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
80 तालाब भरेंगे, 20 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
पूर्व विधायक का दावा है कि यदि यह परियोजना लागू होती है तो क्षेत्र के लगभग 80 छोटे-बड़े तालाबों को भरने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही 15 से 20 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इससे किसानों की फसल उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, खेती पर निर्भर परिवारों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
पेयजल संकट दूर होने की भी उम्मीद
Tikamgarh Farmers: उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल किसानों के लिए ही नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। धसान नदी का पानी उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट काफी हद तक समाप्त हो सकेगा और भविष्य में जल संरक्षण की दिशा में भी यह योजना मील का पत्थर साबित होगी।
पूर्व विधायक के.के. श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया है कि किसानों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र मंजूरी प्रदान की जाए, ताकि टीकमगढ़ जिले को स्थायी सिंचाई और पेयजल व्यवस्था का लाभ मिल सके।







