मुख्यमंत्री साय ने की घोषणा, चार नए स्मार्ट औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे

Parivesh
मुख्यमंत्री साय ने की घोषणा, चार नए स्मार्ट औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे

रायपुर, 16 अप्रैल 2025: छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज चार नए स्मार्ट औद्योगिक पार्क स्थापित करने की महत्वपूर्ण घोषणा की है। इन पार्कों की स्थापना कुल 445 करोड़ रुपये की लागत से की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से राज्य में उद्योगों के विकास के लिए एक अनुकूल और सकारात्मक वातावरण बनेगा।

यह घोषणा छत्तीसगढ़ स्टेट इण्डस्ट्रियल डेव्हलेपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSIDC) के नवनियुक्त अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के तेलीबांधा स्थित उद्योग भवन में कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री अग्रवाल को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में CSIDC प्रदेश में औद्योगिक वातावरण के निर्माण में बेहतर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री साय ने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में राज्य को 4.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं और राज्य में खनिज, बिजली और पानी की पर्याप्त उपलब्धता उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां प्रदान करेगी।

वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में सेक्टर आधारित उद्योगों को एक ही परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन स्मार्ट औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निम्नलिखित पार्कों की स्थापना की घोषणा की:

  • राजनांदगांव जिला के ग्राम पटेवा में इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर: 322 एकड़ में स्थापित होने वाले इस क्लस्टर की लागत 350 करोड़ रुपये होगी।
  • राजनांदगांव जिला के ग्राम बिजेतला में स्पेश मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर: 50 एकड़ में स्थापित होने वाले इस क्लस्टर पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
  • नवा रायपुर में रेडिमेड गारमेंट पार्क: 20 एकड़ में बनने वाले इस पार्क की लागत 30 करोड़ रुपये होगी।
  • नवा रायपुर में फर्नीचर क्लस्टर: 30 एकड़ में स्थापित होने वाले इस क्लस्टर पर 40 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य की नई औद्योगिक नीति से उद्योग बेहतर तरीके से विकसित होंगे और राज्य तेजी से विकास करेगा।

CSIDC के नवनियुक्त अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि राज्य की औद्योगिक नीति विकसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने पिछले दिनों मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर उत्पादों के निर्माण के लिए किए गए भूमिपूजन का भी उल्लेख किया। अध्यक्ष के रूप में श्री अग्रवाल ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की बात कही।

इन चार नए स्मार्ट औद्योगिक पार्कों की स्थापना से छत्तीसगढ़ में रोजगार के नए अवसर सृजित होने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह कदम राज्य सरकार की औद्योगिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *