Abhijeet Sakhuja: बिलासपुर। जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अभिजीत सखूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। बिलासपुर के रहने वाले अभिजीत ने महज 21 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस सफलता के साथ वे छत्तीसगढ़ के सबसे युवा पैरा एशियन गेम्स पदक विजेता बन गए हैं।
शुरुआत से ही विरोधियों पर भारी पड़े अभिजीत
18 से 24 अक्टूबर तक जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में अभिजीत ने पैरा बैडमिंटन स्पर्धा में दमदार शुरुआत की। उन्होंने क्वालीफाइंग राउंड के तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन के खिलाड़ी चेन फेंग्फेई को 21-12 और 21-8 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में भी अभिजीत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने भारतीय खिलाड़ी सूर्यकांत यादव को सीधे गेमों में 21-16 और 21-12 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल तक पहुंचकर जीता कांस्य पदक
सेमीफाइनल में अभिजीत का मुकाबला विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर मौजूद खिलाड़ी शिवकुमार नवीन से हुआ। टूर्नामेंट में अपने शानदार सफर के दौरान अभिजीत ने कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया मान
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार बड़े खेल आयोजनों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हॉकी खिलाड़ी रेणुका यादव प्रदेश की पहली महिला ओलंपियन बनीं। वहीं, राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव ने वेटलिफ्टिंग में कॉमनवेल्थ गेम्स का रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने भी एशियन गेम्स में भारत की स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में अहम भूमिका निभाई।
Read M0re: Balrampur Health Negligence: स्वास्थ्य केंद्र में लटका ताला, महतारी एक्सप्रेस में महिला का प्रसव
अब अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया है। महज 21 साल की उम्र में मिली यह सफलता प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। अभिजीत की उपलब्धि ने साबित किया है कि मजबूत इरादों, मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है।