प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया लोकार्पण, बोले—छत्तीसगढ़ को नई पहचान देने वाला क्षण
Chhattisgarh Assembly: रायपुर। राज्य निर्माण के रजत जयंती वर्ष में छत्तीसगढ़ को आज अपना भव्य और आधुनिक विधानसभा भवन मिल गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नवा रायपुर में नए विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। यह अवसर छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा।
लोकार्पण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Chhattisgarh Assembly:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “आज का दिन भगवान श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की धरती छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्णिम क्षण है। अटलजी ने राज्य बनाया और प्रधानमंत्री मोदी उसे संवारने का कार्य कर रहे हैं।”
Chhattisgarh Assembly:
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे “छत्तीसगढ़ के इतिहास का स्वर्णाक्षरों में अंकित दिन” बताते हुए कहा कि नया भवन 80% स्वदेशी सामग्री से निर्मित है। सदन में बस्तर के सागौन से बने फर्नीचर, धान की बालियों की कलाकारी और पारंपरिक काष्ठ शिल्प का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
Chhattisgarh Assembly:
324 करोड़ रुपये की लागत से 51 एकड़ क्षेत्र में बने इस भवन को तीन विंग—ए, बी और सी—में विभाजित किया गया है। इसमें 500 सीटों वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, 200 सीटों वाला सेंट्रल हॉल, तथा पेपरलेस संचालन के लिए स्मार्ट टेक्नोलॉजी सिस्टम शामिल है।
नया विधानसभा भवन न केवल आधुनिक तकनीक से लैस है, बल्कि यह पर्यावरण-अनुकूल भी है। इसमें सोलर प्लांट, वर्षा जल संचयन के लिए सरोवर और हरित निर्माण तकनीक का उपयोग किया गया है।
Chhattisgarh Assembly:
‘धान का कटोरा’ कहलाने वाले छत्तीसगढ़ की पहचान को इसकी वास्तुकला में बखूबी पिरोया गया है। भवन की छत पर धान की बालियों की कलाकारी, बस्तर की काष्ठ शिल्पकला और स्थानीय शिल्पियों की मेहनत इसे छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और आत्मगौरव का जीवंत प्रतीक बनाती है।
यह भवन केवल एक प्रशासनिक ढांचा नहीं, बल्कि तीन करोड़ छत्तीसगढ़वासियों की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक विश्वास का प्रतीक बन गया है।













