Rajnandgaon Swine Flu: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अब तक स्वाइन फ्लू के तीन मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।लगातार सामने आ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी तैयारी बढ़ा दी है। अस्पताल में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू में भी बेड सुरक्षित रखे गए हैं।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अतुल देशकर के अनुसार, स्वाइन फ्लू को देखते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को इलाज के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।अस्पताल में सर्दी और खांसी से परेशान ऐसे मरीजों पर खास नजर रखी जा रही है, जिनकी हालत कमजोर है। जरूरत पड़ने पर ऐसे मरीजों का स्वाब लेकर जांच कराई जा रही है, ताकि संक्रमण की पहचान समय पर हो सके।
24 साल का युवक भी संक्रमित
जानकारी के मुताबिक, स्टेशनपारा निवासी 24 वर्षीय युवक स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाया गया है। संक्रमण की पुष्टि के बाद उसे इलाज के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अस्पताल में उसका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीज की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
बुजुर्ग मरीज की हालत नाजुक
इससे पहले शहर के एक बुजुर्ग में भी स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मरीज को मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उसे वेंटिलेटर के सहारे उपचार दिया जा रहा है।इस मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने आईसीयू में भी जरूरी व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया है।
Read More: Raipur Accident: भीषण सड़क हादसा: रायपुर से नागपुर जा रही SUV ट्रक से टकराई, 3 बच्चों समेत 8 की मौत
कोविड का भी एक मरीज मिला
स्वाइन फ्लू के साथ राजनांदगांव में कोविड संक्रमण का मामला भी सामने आया है। छुरिया निवासी 34 वर्षीय युवक की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद उसे भी उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अस्पताल प्रशासन के अनुसार कोविड मरीज का इलाज निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
एक के बाद एक संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। संक्रमित मरीजों के परिवार के सदस्यों और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी जांच की जा रही है।स्वास्थ्य अमला संपर्क में आए लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। साथ ही लोगों को स्वाइन फ्लू और कोविड के सामान्य लक्षणों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
लक्षण दिखने पर जांच कराने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि सर्दी, खांसी, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षणों को हल्के में न लें, खासकर तब जब लक्षण लगातार बने रहें या स्थिति बिगड़ती महसूस हो।फिलहाल मेडिकल कॉलेज में संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए अलग वार्ड और आईसीयू की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी भी कर रही है।







[…] […]