रायपुर। Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाने में आर्ट ऑफ लीविंग से जुड़ी सरिता वाजपेयी ने गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दीपक टंडन, बरखा टंडन और अन्य लोगों पर संपत्ति पर अनधिकृत हस्तक्षेप करने, नजदीक आकर धमकाने और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन आवेदिका द्वारा थाने में दी गई शिकायत की कॉपी ‘विस्तार न्यूज’ के पास सुरक्षित है। उल्लेखनीय है कि आरोपी दीपक टंडन वही शख्स है जिसे हाल ही में बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है और जो डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ करोड़ों के गिफ्ट्स व लव ट्रैप के आरोप लगाकर सुर्खियों में आया था।
होटल वेलकम श्री की सील खुलवाने के दौरान हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, मामला राजधानी के होटल वेलकम श्री की संपत्ति से जुड़ा है, जिस पर नगर निगम द्वारा सील लगाई गई थी। आवेदिका का दावा है कि 30 सितंबर 2026 से यह संपत्ति उनके कब्जे में है। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम में संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा करने के बाद वह सील खुलवाने की प्रक्रिया के लिए मौके पर पहुंची थीं, जहां निगम अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया जा रहा था।
आरोप है कि जब सील खोलने की प्रक्रिया चल रही थी, तब संपत्ति के भीतर दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके अन्य साथी अनधिकृत रूप से मौजूद थे। जब आवेदिका ने आपत्ति जताई, तो दीपक टंडन कथित रूप से उनके अत्यधिक नजदीक आ गए और दूरी बनाए रखने की बात कहने पर जोर-जोर से चिल्लाने लगे। साथ ही उन्हें एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत झूठे मुकदमों में फंसाकर बर्बाद करने की धमकी दी गई।
वीडियो रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शियों का दावा
शिकायकर्ता ने अपनी शिकायत में इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। इसके अलावा मौके पर मौजूद नगर निगम के राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू, एएसआई बारिक और अन्य पुलिसकर्मियों को इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। आवेदिका ने संपत्ति कर की रसीद, सील खोलने के दस्तावेज और पंचनामा साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपे हैं। सरिता बजाज ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
