खरोरा/रायपुर। Nishaanebaz.com-Kharora Pump Theft Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ग्रामीण इलाके खरोरा थाना क्षेत्र में खेतों, स्कूलों और नहर किनारे लगे कृषि उपकरणों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खरोरा पुलिस ने रात्रि गश्त और मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सबमर्सिबल पंप और तांबे के केबल वायर चोरी करने वाले 3 मुख्य चोरों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
नहर पार खेत से चुराया था 5 एचपी मोटर पंप और 30 फीट केबल वायर
पुलिस से प्राप्त विवरण के अनुसार, प्रार्थी ने थाना खरोरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम पाड़ाभाट नहरपार स्थित खिलेन्द्र वर्मा के खेत की देखरेख करता है। 11 अगस्त 2026 की शाम को वह खेत का काम निपटाकर घर लौटा था। अगले दिन यानी 12 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे जब वह वापस खेत पहुंचा, तो देखा कि नहर पार में लगा 5 एचपी का सबमर्सिबल मोटर पंप और 30 फीट केबल वायर (कीमती करीब 12,000 रुपये) गायब था। अज्ञात चोरों द्वारा इसे चुरा ले जाने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों तक पहुँची पुलिस
विवेचना के दौरान थाना पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 PH 6731) पर सवार तीन व्यक्ति केबल वायर रखे हुए हैं और ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। चोरी के मशरूका का संदेह होने पर पुलिस पार्टी ने तुरंत तस्दीक कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की।
मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन के आधार पर तीनों व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने ग्राम पाड़ाभाट नहर पार के खेत से 5 एचपी सबमर्सिबल पंप और 30 फीट केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित यादव, पोषण यादव और पंकज वैष्णव के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल बरामद करने के बाद पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने कॉपर वायर को हेमंत कुमार देवांगन की दुकान में बेचा था।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
-
रोहित यादव (पिता जेठुराम यादव, उम्र 24 साल), निवासी वार्ड क्र. 03 अछोली, थाना खरोरा, जिला रायपुर (छ.ग.)।
-
पोषण यादव (पिता भागचंद यादव, उम्र 24 साल), निवासी वार्ड क्र. 11 सुंदरा, थाना खरोरा, जिला रायपुर (छ.ग.)।
-
पंकज वैष्णव (पिता विमल वैष्णव, उम्र 20 साल), निवासी ग्राम सुंदरा, थाना खरोरा, जिला रायपुर (छ.ग.)।
-
हेमंत कुमार देवांगन (पिता मंत्रीलाल देवांगन, उम्र 36 साल – चोरी का माल खरीदने वाला), निवासी वार्ड क्र. 10 केशला, थाना खरोरा, जिला रायपुर (छ.ग.)।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर खरोरा पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से ग्रामीण अंचल में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।
