रायपुर [Nishanebaaz News]Congress Protest On Ramgopal Agrawal Arrest। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता रामगोपाल अग्रवाल की प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की गई गिरफ्तारी के खिलाफ बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर स्थित ईडी कार्यालय के बाहर आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग और भाजपा सरकार पर बदले की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया।
‘रामगोपाल अकेले नहीं, पूरी कांग्रेस साथ खड़ी है’
ईडी दफ्तर के बाहर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “रामगोपाल अग्रवाल को पहले अन्य मामलों में गिरफ्तार किया गया था और अब ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन वे अकेले नहीं हैं, पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।”
भूपेश बघेल ने जांच एजेंसी पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ में आज चोरी, डकैती और लूट मची हुई है, लेकिन ईडी इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रही है। हमें अच्छी तरह पता है कि रायपुर के किस होटल में बैठकर कौन वसूली कर रहा है और कौन लूट मचा रहा है। समय आने पर सभी का हिसाब चुकता किया जाएगा।”
काल्पनिक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आरोप
अग्रवाल पर लगाए गए आरोपों पर सवाल उठाते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि ईडी द्वारा केवल काल्पनिक तथ्य पेश किए जा रहे हैं। अगर कहीं भ्रष्टाचार या पैसे का लेनदेन हुआ है, तो एजेंसी को बताना चाहिए कि पैसा कहां है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “ऊपर वाले के घर देर है, अंधेर नहीं। ईडी के अधिकारी अभी से समझ जाएं, राज्य में जब हमारी सरकार आएगी तो एक-एक बात का हिसाब लिया जाएगा।”
शराब घोटाला मामले में भेजे गए जेल
उल्लेखनीय है कि ईडी ने कथित शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस फैसले के तुरंत बाद ही कांग्रेस ने उग्र रुख अपनाते हुए सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।






