रायपुर [Nishanebaaz News]Roop-Kumari-Chaudhary-BJP-Mahila-Morcha-National-Chief। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की बहुप्रतीक्षित घोषणा कर दी है। संगठन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व और दबदबा स्पष्ट रूप से देखने को मिला है, जहाँ राज्य के दो प्रमुख नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
छत्तीसगढ़ की महासमुंद सीट से भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) के अध्यक्ष दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
ज़मीनी राजनीति से राष्ट्रीय शिखर तक: रूप कुमारी चौधरी
अघरिया समाज से आने वाली रूप कुमारी चौधरी की पहचान छत्तीसगढ़ में एक समर्पित और ज़मीनी नेता के रूप में होती है।
-
शुरुआती जीवन: रूपकुमारी चौधरी का जन्म 5 जुलाई 1976 को महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के ग्राम धनापाली में स्व. क्षेमराज पटेल के घर हुआ। उनका विवाह 1 अप्रैल 1993 को ग्राम हर्राटार निवासी ओमप्रकाश चौधरी से हुआ, जो भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं।
-
राजनीतिक सफर: उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2005 में सरायपाली से जिला पंचायत सदस्य चुनकर की। इसके बाद वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में बसना सीट से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार विधायक बनीं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में महासमुंद सीट से विजय हासिल कर वे संसद पहुंचीं और अब उन्हें महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान सौंपी गई है।
डिजिटल रणनीति के माहिर: दीपक महस्के
नितिन नबीन की टीम में शामिल दूसरे छत्तीसगढ़ी चेहरे दीपक महस्के हैं, जो वर्तमान में सीजीएमएससी (CGMSC) के अध्यक्ष हैं।
-
आईटी व मीडिया नेटवर्क में योगदान: दीपक महस्के की पहचान भाजपा में एक चतुर संगठनात्मक रणनीतिकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ के रूप में रही है। वर्ष 2014 और 2018 के चुनावों में वे छत्तीसगढ़ भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक रहे, जहाँ उन्होंने हाइटेक कॉल सेंटर, ऑडियो-ब्रिज और क्षेत्रवार व्हाट्सएप वॉलंटियर नेटवर्क को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
-
आक्रामक वक्ता: प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी उन्होंने संगठन के राजनीतिक नैरेटिव को मीडिया के समक्ष मजबूती से रखने में अहम भूमिका निभाई है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनके उत्कृष्ट कार्य का इनाम उन्हें अब राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया संयोजक बनाकर दिया गया है।





