गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Raigarh Gambling Raid: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों और सामाजिक बुराइयों पर पूरी तरह नकेल कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जुआ फड़ों के खिलाफ पांच अलग-अलग स्थानों पर औचक दबिश दी। इस संयुक्त और त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 18 शातिर जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 38,450 रुपये नकद, ताश की गड्डियां तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां विधिवत जब्त की गईं। पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
कार्रवाई के सिलसिले में कोतवाली पुलिस ने पंचधारी डेम स्थित मंदिर के पास जुआ खेले जाने की पुख्ता सूचना पर घेराबंदी की। डीएसपी अजय नागवंशी के नेतृत्व में की गई इस रेड में ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे चार आरोपियों—दीपंकर मित्रा उर्फ शुभम (32 वर्ष), सुभाष चन्द्र व्यापारी उर्फ आकाश (28 वर्ष), विक्की मंडल (40 वर्ष) और भास्कर दास (48 वर्ष), सभी निवासी रायगढ़—को मौके पर दबोचा गया। पुलिस ने इनके पास से 23,200 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की। इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चन्द्रा, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप चंद्र बेहरा और नरोत्तम यादव की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
इसी प्रकार, जूटमिल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल सात जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कयाघाट स्थित बजरंगबली मंदिर के सामने स्ट्रीट लाइट की रोशनी में जुआ खेल रहे विजय दास महंत (38 वर्ष), अक्षय भारद्वाज (30 वर्ष) और जावेद अली (20 वर्ष) को पकड़ा, जिनके कब्जे से 1,980 रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा बांझीनपाली स्थित मनकेशरी मंदिर के सामने जुआ खेल रहे संजय कुमार पाण्डेय (40 वर्ष), उमेश आदित्य (30 वर्ष), कमलेश उर्फ भुरी यादव (23 वर्ष) और एतवारी आदित्य (60 वर्ष) को पकड़ा गया, जिनके पास से 920 रुपये नकद बरामद हुए। हालांकि, पुलिस को देखते ही कुछ अन्य जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
पुसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम बाघाडोला पंचायत भवन के सामने बिजली की रोशनी में जुआ खेल रहे डिग्रीलाल चौहान (54 वर्ष), जपेश्वर चौहान (32 वर्ष) और गोपाल चौहान (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 2,150 रुपये नकद, ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की गई। वहीं ग्राम जकेला खार के समीप जुआ खेल रहे जगदीश साव (29 वर्ष), विद्याधर साव (48 वर्ष), सुशील प्रधान (48 वर्ष) और नंद कुमार साव (31 वर्ष) को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 10,200 रुपये नकद और अन्य सामग्री जब्त हुई। इस पूरी टीम में उप निरीक्षक कुंदन गौर, प्रधान आरक्षक कल्याण सिंह तथा आरक्षक दिलीप सिदार, अनूप साव, महेश चौहान, मन्नु लाल और ठंडाराम गुप्ता शामिल रहे।
इस सफल कार्रवाई के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जुआ और सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत यह अभियान आगे भी इसी मुस्तैदी से निरंतर जारी रहेगा और ऐसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

