Chhattisgarh News: रतनपुर महामाया मंदिर में युवक की चप्पल से पिटाई, भाजपा नेत्री पद से हटाई गईं; दोनों पक्षों पर FIR

Sanjay Sahu
Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में युवक की चप्पल से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। घटना में भाजपा से जुड़ी महिला नेत्री रेहाना बेगम द्वारा युवक की पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट, पुलिस और भाजपा संगठन ने अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, भाजपा ने भी कार्रवाई करते हुए रेहाना बेगम को संगठन के पद से जांच पूरी होने तक मुक्त कर दिया है।

पुराने विवाद को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्ष

जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त को मंदिर के पास चोरी के एक पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान महिला मोर्चा अल्पसंख्यक की महामंत्री रेहाना बेगम ने दूसरे पक्ष के एक युवक की चप्पल से पिटाई कर दी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। वीडियो में महिला नेत्री युवक के साथ मारपीट करती हुई नजर आ रही हैं।

दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना के बाद दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है। शिकायत के आधार पर रेहाना बेगम के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय के मुताबिक, मामले में FIR दर्ज की गई है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

मंदिर ट्रस्ट ने 4 दुकानदारों को दिया नोटिस

विवाद के बाद मंदिर ट्रस्ट ने भी कार्रवाई की है। ट्रस्ट की ओर से सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में चार दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर अपनी दुकानें हटाने का निर्देश दिया गया है।

भाजपा ने रेहाना बेगम को पद से हटाया

मामला सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने भी कार्रवाई की है। ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रतनपुर अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को जांच पूरी होने तक पद से मुक्त कर दिया है।

Chhattisgarh News: जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन अनुशासन से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेता है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और जांच प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए, इसलिए जांच पूरी होने तक रेहाना बेगम को पद से मुक्त किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयानों और सामने आए वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *