Raipur Vote Theft Protest: रायपुर। वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों ने रायपुर के राजीव चौक में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद गठबंधन के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
चुनावी पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों का मुद्दा उठा
प्रदर्शन के दौरान विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में अनियमितताओं तथा मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने लोकतंत्र को मजबूत करने, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने और चुनावी प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी शामिल बताई गई।
Read more: CG News: CJP प्रदर्शन पर CM विष्णुदेव साय का बयान, बोले- माहौल अशांत न हो इसलिए उठाए गए विशेष कदम
कई राजनीतिक दलों के नेता और नागरिक हुए शामिल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने बताया कि प्रदर्शन का उद्देश्य मतदाता सूची से जुड़े सवालों और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर आवाज उठाना था। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विरोध दर्ज कराया गया है।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी और सिविल सोसाइटी से जुड़े बुद्धिजीवी एवं नागरिक शामिल हुए।
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर रखीं मांगें
प्रदर्शन के बाद गठबंधन के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा, चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई। गठबंधन ने मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से विचार करने की अपील भी की।


